
आगरा। ऐतिहासिक पहल: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आगरा में आज 16 मार्च को “आधुनिक जीवनशैली एवं शारीरिक शिक्षा की प्रासंगिकता” विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की सभी डायटों के इतिहास में शारीरिक शिक्षा विषय पर आयोजित होने वाला यह अपनी तरह का पहला और अनूठा कार्यक्रम है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य अनिरुद्ध यादव एवं मुख्य वक्ताओं द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ किया गया। प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने अपने अध्यक्षीय उदबोधन में कहा कि डिजिटल युग में शारीरिक निष्क्रियता एक गंभीर चुनौती है और शिक्षकों का यह उत्तरदायित्व है कि वे नई पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाएं।
LNIPE ग्वालियर से आए असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोरध्वज सिंह ने योग और आधुनिक जीवनशैली के बीच संतुलन बनाने के वैज्ञानिक तरीकों पर प्रकाश डाला।
हरियाणा खेल विश्वविद्यालय एसोसिएट प्रोफेसर (HSU) के डॉ. विवेक कुमार सिंह ने पोषण और समग्र स्वास्थ्य प्रबंधन की भूमिका पर जोर दिया तथा शासकीय कॉलेज निवारी मध्यप्रदेश के क्रीड़ा अधिकारी सिद्धार्थ श्रीनेत ने भारत सरकार की ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के संयोजक हिमांशु सिंह (प्रवक्ता, शारीरिक शिक्षा) ने विषय प्रवर्तन करते हुए बताया कि इस सेमिनार का उद्देश्य डिजिटल गैजेट्स में उलझी पीढ़ी को फिर से मैदान की ओर ले जाना है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन यशवीर सिंह द्वारा किया गया।
अंत में उपशिक्षा निदेशक/प्राचार्य द्वारा सेमीनार में प्रतिभाग करने वाले 40 माध्यमिक के शरीरिक शिक्षा के शिक्षकों और 46 बेसिक स्कूल के शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। राष्ट्रगान के साथ इस ऐतिहासिक सेमिनार का समापन हुआ।
इस सेमिनार में डायट प्रवक्ता अनिल कुमार,मनोज कुमार वार्ष्णेय,संजीव कुमार सत्यार्थी,यशपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह,रंजना पांडे,कल्पना सिन्हा,प्रज्ञा शर्मा,अबू मुहम्मद आसिफ, रचना यादव,धर्मेंद्र प्रसाद गौतम,मुकेश सिन्हा, गौरव भार्गव,अमित दीक्षित मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनिल कुमार, जनपदीय क्रीड़ा सचिव डॉ रीनेश मित्तल माध्यमिक से जबकि रामप्रकाश यादव जिला व्यायाम शिक्षक बेसिक शिक्षा झींगरण जिला व्यायाम शिक्षिका इत्यादि उपस्थित रहे।


