नगर निगम की चेतावनी को हल्के में लेना गुलाब नगर के लोगों को पड़ा भारी,  घरों के आगे बनाए गए अवैध रैंप किये गये ध्वस्त

Press Release उत्तर प्रदेश

 

—– लाल निशान और चेतावनी के बाद भी नहीं हटाये गये थे अवैध निर्माण

आगरा। हाथरस रोड स्थित गुलाब नगर क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन ने आज सख्त कार्रवाई करते हुए फुटपाथ और नालियों पर अवैध रूप से बनाए गए पक्के रैंपों को ध्वस्त कर दिया। लंबे समय से दी जा रही चेतावनियों और लाल निशान लगाए जाने के बावजूद जब लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, तो निगम की टास्क फोर्स ने बुलडोजर चलाकर एक दर्जन से अधिक रैंप तोड़ दिए। वहीं टांस यमुना कालोनी फेस टू स्थित गीतांजलि पब्लिक स्कूल द्वारा सड़क किनारे गमले रखकर किये गये अतिक्रमण को भी हटवा दिया गया।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जैसे ही निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची, स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि यह अभियान शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, फुटपाथ और नालियों पर बनाए गए पक्के रैंप न केवल अवैध थे, बल्कि जल निकासी व्यवस्था में भी बाधा उत्पन्न कर रहे थे। इसके चलते बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ रही थी और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।इसकी शिकायत नगर निगम प्रशासन को की जा रही थी।
नगर निगम ने पहले ही संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी कर स्वयं रैंप हटाने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही स्थानों पर लाल निशान लगाकर अंतिम चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद जब लोगों ने कार्रवाई नहीं की, तो मजबूरन निगम को सख्त कदम उठाना पड़ा।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *