महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह दिलाएंगी शपथ, समारोह की सभी तैयारियां पूरी
आगरा। नगर निगम सदन में शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज गुरूवार को आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह सभी नामित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।
नगर निगम प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा नामित कुल दस पार्षदों को इस कार्यक्रम के दौरान विधिवत शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण के बाद ये सभी पार्षद नगर निगम की कार्यप्रणाली में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और शहर के विकास कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
समारोह को लेकर नगर निगम परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
शपथ ग्रहण के साथ ही मनोनीत पार्षदों की औपचारिक जिम्मेदारियों की शुरुआत हो जाएगी, जिससे शहर के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।


