सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती, कमलानगर में 60 से अधिक दुकानदारों पर कार्रवाई

Press Release उत्तर प्रदेश

—– स्वच्छता नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, नगर निगम ने वसूला हजारों का जुर्माना, प्लास्टिक पर भी चलाया अभियान

आगरा। नगर निगम द्वारा लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियानों के बावजूद शहर के कई क्षेत्रों में दुकानदारों द्वारा कूड़े के निस्तारण के लिए डस्टबिन का उपयोग नहीं किया जा रहा है। दुकानों का कूड़ा सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में फेंके जाने से जहां गंदगी फैल रही है, वहीं नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के सख्त निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को एसएफआई संजीव यादव के नेतृत्व में कमलानगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कमलानगर के ए, बी, सी और डी ब्लॉक सहित मुख्य बाजार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कूड़ा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने और डस्टबिन का उपयोग न करने वाले पांच दर्जन से अधिक दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। नगर निगम टीम द्वारा इन दुकानदारों से हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया। दुकानदारों और ग्राहकों को प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करने तथा इसके स्थान पर कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे और शहर की छवि भी सकारात्मक हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *