स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर संगठन मना रहा स्वर्ण जयंती वर्ष
आगरा, 19 दिसंबर। उप्र उद्योग व्यापार मण्डल का अधिवेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रन 23 व 24 दिसम्बर को बरेली में आयोजित किया गया है। दो दिन तक कई सत्रों में व्यापार मण्डल का प्रशिक्षण शिविर चलेगा। इस दौरान संगठनात्मक चर्चा, संगठन की मजबूती पर चिंतन एवं व्यापार को बदले परिदृश्य में ले जाने की योजना बनेगी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल (रजि.) की स्थापना पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्रा जी व लाला विशम्भर दयाल अग्रवाल जी ने माँ गंगा के पावन तट के किनारे वाराणसी में आज से 50 वर्ष पूर्व की थी। वर्ष 2023 में अपने 50 वर्ष पूर्ण होने पर संगठन इसको स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मना रहा है। इसी क्रम में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम हो रहे हैं। जिसमें दीपोत्सव, व्यापार मण्डल व्यापारियों के प्रतिष्ठान, टोल फ्री मिस्ड कॉल अभियान व पूरे उप्र में व्यापारी स्वाभिमान यात्रा भी निकाली जा चुकी है।
मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी के अनुसार अधिवेशन में व्यापारियों को बदलते बाजार और संशाधनों के प्रति जागरूक किया जायेगा। एक सत्र आॅनलाइन बाजार की चुनौतियों पर भी रखा गया है, इसमें व्यापारियों को बताया जायेगा कि संसाधनों का उपयोग कर अपने बाजार को इससे बड़ा बनाना होगा। इसके लिए रणनीति बनेगी। इसके अलावा संभावनाओं को अवसर में बदलने के तरीके भी बताये जायेंगे।
अधिवेशन में अंतिम दिन सम्मान समारोह होगा, जिसमें स्वर्ण जयंती वर्ष के अन्तर्गत संगठन द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिला/नगर को सम्मानित किया जायेगा। यहां से व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल शिरकत करने बरेली जाएगा। बैठक में प्रदेश मंडल अध्यक्ष निर्मल कुमार जैन, जिला अध्यक्ष गिर्राज कुमार अग्रवाल, मंत्री राज कुमार गुरनानी, जिला महामंत्री दीपक शर्मा, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी,सुनील जैन, डीसी मित्तल,स्वदेश अग्रवाल, अनुराग गोयल, किशोर बुधरानी, रोहित आयलानी, राजेंद्र सिंहआदि मौजूद रहे।


