महाशिवरात्रि पर मंदिरों में स्वच्छता की विशेष व्यवस्था, अर्पण कलश लगाए

Press Release उत्तर प्रदेश

—— श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मंदिर मार्ग दुरुस्त, रंगोली और बैरिकेडिंग से सजा परिसर

आगरा। महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए राजेश्वर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए तीन प्रकार के अर्पण कलश स्थापित किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस एफआई लकी शर्मा ने बताया कि लगाए गए इन अर्पण कलशों को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहले कलश में पूजा के बाद बचे दीपक, रुई, तेल आदि सामग्री डालने की व्यवस्था की गई है। दूसरे कलश में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए फूल, माला और अन्य पूजन सामग्री रखने की व्यवस्था है। वहीं तीसरे कलश में पन्नी, कागज, पैकेट और अन्य अवशिष्ट सामग्री डालने की सुविधा दी गई है, ताकि मंदिर परिसर में गंदगी न फैले और कचरे का उचित निस्तारण किया जा सके।
नगर निगम द्वारा मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों को भी दुरुस्त किया गया है। खराब सड़कों पर पैचवर्क कराकर आवागमन को सुगम बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जेड एस ओ आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में मनकामेश्वर मंदिर परिसर में अर्पण कलश रखवाकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। रंगोलियां बनाई गई जिससे परिसर का वातावरण आकर्षक और धार्मिक माहौल के अनुरूप दिखाई दे रहा है। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रावली मंदिर पर बैरिकेडिंग भी कराई गई है। अधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि के दौरान निरंतर साफ-सफाई और निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। निगम प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित अर्पण कलशों का उपयोग करें और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *