गृहकर बकाये पर संजय प्लेस की छह दुकानों पर डाला ताला

Press Release उत्तर प्रदेश

—– कुर्की वारंट के बाद भी नहीं जमा किया टैक्स, सात लाख से अधिक बकाए पर कार्रवाई

आगरा। गृहकर बकाया वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए संजय प्लेस क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कुर्की वारंट जारी होने के बावजूद गृहकर जमा न कराने वाले आधा दर्जन दुकानदारों की दुकानों को सील कर दिया गया। इन दुकानदारों पर कुल मिलाकर 782389 रुपये से अधिक का गृहकर बकाया चल रहा था।
नगर निगम प्रशासन द्वारा बकायेदारों को कई बार नोटिस जारी कर गृहकर जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित दुकानदारों द्वारा लापरवाही बरती गई। अंतिम नोटिस के बाद भी जब कोई संज्ञान नहीं लिया गया, तो निगम ने सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई।
जोनल अधिकारी अवधेश कुमार के अनुसार जिन दुकानों पर कार्रवाई की गई, उनमें राजीव शर्मा पर 2,57,924 रुपये, रेखा गुप्ता पर 91,997 रुपये, मारुति प्लाजा पर 1,53,738 रुपये, बांके बिहारी गोयल पर 1,08,770 रुपये, मनोज जैन पर 84,980 रुपये तथा हरी प्रकाश पर 84 हजार रुपये से अधिक का गृहकर बकाया था।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम के साथ कर अधीक्षक अक्षय कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बकायेदारों में हड़कंप मच गया है और कई लोग बकाया जमा कराने के लिए निगम कार्यालय का रुख कर रहे हैं।
प्रभारी कर एवं सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय का कहना है कि गृहकर वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

—– नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता राजस्व वसूली को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों पर गृहकर बकाया है, वे समय रहते अपना कर जमा कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ सीलिंग, कुर्की और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *