आगरा, 27 जुलाई। नगर निगम कार्यकारिणी के रिक्त छह पदों के लिए सर्वसम्मति से सभी सदस्यों को चुन लिया गया। सदन की अध्यक्षता महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने की। चुनाव की प्रक्रिया नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में संपन्न कराई गयी। नयी कार्यकारिणी के लिए आज हुए चुनाव में भाजपा के पांच और बसपा का एक सदस्य चुना गया। इस प्रकार से नगर निगम की नई कार्यकारिणी में अब भाजपा के 11 और एक सदस्य बसपा का होगा।
पिछले दिनों आयोजित की गयी नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में बारह में से छह सदस्यों को कार्यकाल पूरा होने पर लॉटरी के माध्यम से हटा दिया गया था। नये सदस्यों के चुनाव के लिए आज शनिवार को नगर निगम सदन में चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न कराया गया। सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने के बाद से लग रहा था कि चुनाव सर्वसम्मति से नहीं हो पायेगा। भाजपा दल के उपनेता प्रकाश केशवानी की ओर से सभी छह सदस्यों के लिए नामांकन पत्र भरवाया गया जबकि बसपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष सोहेल कुरैशी की ओर से दो सदस्यों के नाम का प्रस्ताव रखा। सभी ने अपने अपने सदस्यों के नामांकन भी कराये । भाजपा की ओर से अनुराग चतुर्वेदी, आशीष कुमार सिंह,गौरव शर्मा, अमित सिंह, मीनाक्षी वर्मा और मुरारी लाल अग्रवाल के नाम का प्रस्ताव रखा गया जबकि बसपा की ओर से सुहेल कुरैशी ने पुष्पा कुमारी और बंटी माहौर के नाम का प्रस्ताव किया। सभी ने नामांकन भी किया लेकिन इसी बीच दोनों दलों के बीच आम सहमति बनने पर भाजपा ने अनुराग चतुर्वेदी और बसपा की ओर से पुष्पा कुमारी के नाम को वापस ले लिया गया। इस प्रकार पोलिंग होने से पूर्व ही सर्वसम्मति से कार्यकारिणी के सभी छह सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया। उल्लेखनीय है कि कार्यकारिणी में बारह सदस्य होते हैं। इनमें से प्रत्येक का कार्यकाल एक साल के लिए होता है। संचालन अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव भी उपस्थित थे।
—विकास के लिए एकजुटता पर मेयर ने जताई खुशी—
चुनाव सर्वम्मति से संपन्न होने पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि शहर के विकास के मुद्दे पर हम सभी एकजुट हैं यह खुशी की बात है। उन्होंने सभी पार्षदों को तीस -तीस और लाइटें देने की घोषणा की जिसका सदस्यों ने मेज थपथपा कर स्वागत किया। इस दौरान कुछ सदस्यों ने दस लाइटें पोल समेत देने की भी मांग की जिस पर मेयर ने विचार करने का आश्वासन दिया। सदस्यों द्वारा मानदेय बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही उन्हें खुशखबरी दी जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने में सहयोग देने पर उन्होंने सदन का आभार व्यक्त किया।