
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के कुशल नेतृत्व में मिशन जीरो स्क्रैप के अंतर्गत स्क्रैप निस्तारण एवं बिक्री की दिशा में प्रभावी और सतत कार्य किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप मंडल ने न केवल राजस्व में वृद्धि की है, बल्कि रेलवे परिसरों की स्वच्छता, संरक्षा एवं परिचालन दक्षता में भी महत्वपूर्ण सुधार किया है। केवल नवंबर 2025 माह में आगरा मंडल द्वारा 744 मीट्रिक टन स्क्रैप का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया, जिससे लगभग 2.70 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ। यह उपलब्धि स्क्रैप निस्तारण प्रक्रिया की प्रभावशीलता और मंडल द्वारा अपनाई गई बेहतर कार्य प्रणाली को दर्शाती है।
माह अप्रैल से नवंबर 2025 तक, आगरा मंडल द्वारा कुल 3397 मीट्रिक टन स्क्रैप का निस्तारण किया गया है। इसके साथ ही 23969 पीस स्क्रैप का भी निष्पादन किया गया, जिससे मंडल को कुल 12.31 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। आगरा मंडल ने अनुपयोगी सामग्री को हटाकर संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया है। इससे रेलवे परिसरों की स्वच्छता में सुधार, संरक्षा मानकों में वृद्धि तथा रेल परिचालन की कार्यक्षमता को मजबूती मिली है।
आगरा मंडल भविष्य में भी मिशन जीरो स्क्रैप के तहत पारदर्शी एवं प्रभावी स्क्रैप प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए राजस्व वृद्धि एवं सुरक्षित रेल संचालन के लिए प्रतिबद्ध है।
