गीले-सूखे कचरे में लापरवाही पर अब सख्ती, दुकानदारों पर लगेगा जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नगर निगम का अभियान तेज, घर-घर और दुकान-दुकान पहुंची टीम

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए नगर निगम द्वारा एक ओर जहां व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन न रखने वाले रेहड़ी, ठेला और दुकानदारों पर जल्द ही जुर्माना लगाया जाएगा।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण बेहद आवश्यक है। इसके बावजूद कई दुकानदार नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब नगर निगम सख्त रुख अपनाते हुए उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करेगा।
इसी क्रम में शुक्रवार को छत्ता जोन के वार्ड संख्या 50 रामबाग क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने एंटी प्लास्टिक अभियान के तहत दुकान-दुकान और ठेला-रेहड़ी संचालकों से संपर्क कर उन्हें दो अलग-अलग डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया। टीम ने दुकानदारों को समझाया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने से न केवल शहर साफ-सुथरा रहेगा, बल्कि कचरा निस्तारण भी आसान होगा।
अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। दुकानदारों और ठेला संचालकों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक के उपयोग से बचें और कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का इस्तेमाल करें। साथ ही उन्हें अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य न केवल स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक हासिल करना है, बल्कि शहर को स्थायी रूप से स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *