फुटपाथ पर सजी दुकान हटवाई, 5 हजार का जुर्माना वसूला

Press Release उत्तर प्रदेश

—- पॉलीथिन मिलने पर सख्ती, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण के नेतृत्व में कार्रवाई

आगरा। शहर में अतिक्रमण और प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ नगर निगम की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में हिमाचल कॉलोनी स्थित गुप्ता स्वीट हाउस के बाहर फुटपाथ पर लगाई गई दुकान को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर संबंधित दुकानदार से 5 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया और स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों की आवाजाही के लिए बनाए गए हैं, ऐसे में वहां दुकान सजाना नियमों का उल्लंघन है और इससे राहगीरों को परेशानी होती है।
कार्रवाई पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। यदि भविष्य में भी फुटपाथों पर दुकान लगाई गई या प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग पाया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें। टीम ने आसपास के अन्य व्यापारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठान की सीमाओं के भीतर ही व्यवसाय करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से बचें।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और कई दुकानदारों ने स्वयं ही फुटपाथ से अपना सामान हटा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *