आगरा, 02 जनवरी। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री हृदयनाथ सिंह का मंगलवार को लखनऊ में निधन हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव मौर्य समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। हृदयनाथ सिंह झारखंड में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री के अलावा काशी और ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री रहे। इससे पहले वह अयोध्या और झांसी के विभाग प्रचारक रहे। हरदोई और पीलीभीत के जिला प्रचारक भी रहे। आपातकाल के दौरान उन्होंने काम किया और जेल भी गए। उनका अंतिम संस्कार जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील के उनके पैतृक गांव अमावा खुर्द में होगा। आगरा छावनी से पूर्व विधायक केशो मेहरा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हृदयनाथ सिंह ने आगरा में रहकर ब्रज प्रांत संगठन मंत्री के रूप में पार्टी को मजबूत करने का बड़ा काम किया। उन्होंने आगरा ही नहीं बल्कि पूरे ब्रज प्रांत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।
जौनपुर के निवासी हृदयनाथ सिंह गोरखपुर में पढ़ाई के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े। इसके बाद वह आरएसएस के प्रचारक बन गए। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।