आगरा,8 जनवरी। नगर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए नगर निगम के द्वारा बिजलीघर चौराहे पर सालों से चल रहे डलावघर को खत्म कर वहां पर सेल्फी प्वाइंट बना दिया है। इसके अलावा मुंडापाड़ा ढोलीखार और काजीपाड़ा के डलावघर को खत्म करके वहां पर सौंदर्यीकरण के कार्यों को कराया जा रहा है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने डलावघरों पर चल रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों का निरीक्षण कर कर्मचरियों को दिशा निर्देश दिये।
बिजलीघर मुख्य चौराहे पर पर वर्षों से डलावघर संचालित हो रहा था। यहां पर आसपास के क्षेत्रों का कूड़ा डाला जा रहा था। इससे शहर के मुख्य चौराहे पर गंदगी के साथ -साथ उठ रही दुर्गंध यहां आने जाने वाले लोगों को परेशान करती थी। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था होने के बाद इस डलावघर को बंद कर वहां सौंदर्यीकरण का कार्य कराने के साथ ही साथ बैंच आदि डालकर सेल्फी प्वाइंट विकसित कर दिया गया है। अब यहां पर आने जाने वाले लोग इसका लुत्फ उठा रहे हैं। इसी प्रकार से काजीपाड़ा और ढोलीखार मुंडापाड़ा में चल रहे डलावघर को भी समाप्त कर दिया गया है। यहां पर भी नगर निगम के द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। चबूतरा बना वहां वॉल पेंटिंग के साथ ही लोगों के बैठने के लिए बैंच लगाई जा रही हैं। यहां पर चल रहे निर्माण कार्यों का सहायक नगर आयुक्त ने प्रभारी जेड एस ओ छत्ता जोन आशुतोष वर्मा के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के लोगों को कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराये जाने के निर्देश दिये। वहीं काजी पाड़ा से जूता बनाने वाले कारखानों से निकलने वाली कतरन को एकत्रित करने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है जो सीधे कारखानों से चमड़े की कतरन को लिफ्ट कर रहे हैं।