संजय प्लेस होगा कचरा-मुक्त मार्केट,  नगर निगम ने दो सप्ताह का जागरूकता अभियान शुरू किया

Press Release उत्तर प्रदेश

दुकानदारों को समझाया—कचरा सिर्फ डोर-टू-डोर वाहन को दें, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
 कचरा उठवाने संबंधी सहायता को डिस्प्ले बोर्ड लगवाये

आगरा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस को कचरा-मुक्त मार्केट बनाने हेतु नगर निगम ने विशेष जन-जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। दो सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में निगम की टीमें प्रत्येक दिन मार्केट में घूमकर व्यावसायिक व आवासीय प्रतिष्ठानों पर पहुंच रही हैं और लोगों को वैज्ञानिक ढंग से कचरा निपटान के बारे में जानकारी दे रही हैं।
अभियान के दौरान टीम दुकानदारों और निवासियों को स्पष्ट रूप से समझा रही है कि दुकान या घर से निकलने वाला कचरा केवल डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन को ही दिया जाए। साथ ही सभी को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की जा रही है, जिससे मार्केट में स्वच्छता बनी रहे और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया आसान हो सके।
निगम अधिकारियों ने बताया कि दो सप्ताह का यह अभियान पूरी तरह जागरूकता आधारित है, किंतु इसके बाद यदि कोई सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंकता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एस एफआई सुदेश यादव ने बताया कि इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने बुधवार को संजय प्लेस क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए, जिन पर कचरा उठवाने और संबंधित सहायता हेतु फोन नंबर अंकित हैं। इन बोर्डों का उद्देश्य लोगों को त्वरित सहायता देना और स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन

“संजय प्लेस को कचरा-मुक्त मॉडल मार्केट बनाना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए जागरूकता सबसे पहली ज़रूरत है। हम सभी दुकानदारों और नागरिकों से अपील करते हैं कि वे गीले-सूखे कचरे को अलग रखें और कचरा केवल डोर-टू-डोर वाहन को ही दें। अभियान के बाद नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *