
नगर आयुक्त के आदेश पर स्वच्छता मित्रों का सम्मान, जे.एस. एन्वायरो की ‘करुणा का कंबल’ पहल
आगरा। कड़ाके की ठंड के बीच शहर की स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जे.एस. एन्वायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सामाजिक पहल ‘करुणा का कंबल’ के तहत यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के आदेशानुसार सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने स्वच्छता सारथियों को कंबल एवं पीपीई किट वितरित कीं।
कार्यक्रम के दौरान सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि कड़ाके की ठंड, बारिश और विषम परिस्थितियों के बावजूद सफाई कर्मचारी दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं। वे नगर की रीढ़ की हड्डी हैं और उनका सम्मान करना नगर निगम ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने जे.एस. एन्वायरो की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर जे.एस. एन्वायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जीवन उपाध्याय ने कहा कि कंपनी अपने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल कंबल या सुरक्षा किट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन स्वच्छता साथियों के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है, जो दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखते हैं।
कार्यक्रम में जेडएसओ महेंद्र सिंह,एसएफआई योगेंद्र कुशवाह, राघवेंद्र यादव, संजीव यादव सहित जे.एस. एन्वायरो कंपनी की पूरी टीम उपस्थित रही। इस सम्मान समारोह से स्वच्छता मित्रों में खुशी और उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने नगर निगम और जे.एस. एन्वायरो का आभार व्यक्त किया।


