आज़मपाड़ा में सफाई मित्रों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य पर मिला प्रशस्ति पत्र

Press Release उत्तर प्रदेश

—- सफाई कर्मियों को जूतों का भी वितरण, हर माह होगा श्रेष्ठ कर्मियों का सम्मान

आगरा। वार्ड 40 आज़मपाड़ा में स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले सफाई मित्रों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। क्षेत्रीय पार्षद रवि दिवाकर द्वारा पिछले माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों एवं निगम अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छता कर्मियों के कार्य की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की योजना के अंतर्गत सभी सफाई मित्रों को जूते भी वितरित किए गए। पार्षद ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके समर्पण व परिश्रम के कारण ही वार्ड में साफ-सफाई की बेहतर स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता कर्मियों के कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
पार्षद ने यह भी घोषणा की कि इसी प्रकार प्रत्येक माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे कर्मचारियों में कार्य के प्रति लगन, प्रतिस्पर्धा और प्रतिबद्धता की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।
नगर निगम की इस पहल को स्वच्छता अभियान को मजबूत करने और कर्मचारियों के मनोबल को ऊंचा उठाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। इस दौरान एस एफआई रघु यादव समेत तमाम अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *