
नगर निगम 43 लाख की लागत से निर्माण करा रहा पहुंच मार्ग
सड़क बनने पर अमृत सरोवर तक सरपट दौड़ेंगे वाहन
हजारों लोग अमृत सरोवर का पिकनिक स्पॉट के रूप में कर सकेंगे प्रयोग
आगरा। बसई खुर्द कलाल खेरिया में 2.15 करोड़ की लागत से बनाए गए अमृत सरोवर के दिन अब बहुरने वाले हैं। नगर निगम प्रशासन ने सरोवर तक आसान और सुगम पहुँच के लिए नई सड़क बना रहा है। लगभग 43 लाख रुपए की लागत से 20 फुट चौड़ी और 400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उम्मीद है कि यह सड़क आगामी दो माह में बनकर तैयार हो जाएगी।
फतेहाबाद रोड स्थित लकावली मुख्यमार्ग से सीधा अमृत सरोवर तक जाने वाली इस सड़क के तैयार हो जाने पर आसपास की बस्तियों में रहने वाले हजारों लोग आसानी से सरोवर तक पहुंच सकेंगे। लोग तालाब के किनारे बैठकर प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेंगे और चारों ओर बनाई गई वॉकिंग स्ट्रिप पर सुबह-शाम सैर कर पाएंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल अमृत सरोवर तक जाने वाला मार्ग जलभराव और कीचड़ से भरा रहता है, जिसके कारण इसका महत्व और उपयोगिता पूरी तरह सिद्ध नहीं हो पा रही थी। नई सड़क बनने के बाद सरोवर का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंच सकेगा और यह स्थल क्षेत्रवासियों के लिए पिकनिक व स्वास्थ्य दोनों दृष्टियों से अहम बन जाएगा। आने वाले समय में यह स्थान शहरवासियों के लिए हरियाली , स्वच्छता और सुकून का नया ठिकाना साबित हो सकता है।
नगर आयुक्त का वर्जन —–
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि “अमृत सरोवर जैसे प्रोजेक्ट का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ व प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है। अभी तक पहुंच मार्ग में दिक्कतें थीं, जिन्हें दूर करने के लिए पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि सरोवर को पर्यटन और स्थानीय निवासियों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाए। समयबद्ध योजना के तहत यह सड़क दो माह में तैयार करा दी जाएगी।”
यह कदम न केवल स्थानीय निवासियों के लिए राहतभरा होगा, बल्कि आगरा नगर निगम की सक्रियता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का भी परिचायक है। आने वाले समय में यह इलाका शहरवासियों के लिए हरियाली, स्वच्छता और सुकून का नया ठिकाना साबित हो सकता है।
