कारगिल चौराहे से शास्त्री पुरम तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, ठेल-खोखे किए ध्वस्त

Press Release उत्तर प्रदेश

 

—– शिकायत पर नगर निगम की कार्रवाई सड़क और फुटपाथ से हटाया अतिक्रमण, बाइक मिस्त्रियों पर भी कार्रवाई

आगरा। शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को कारगिल चौराहे से शास्त्री पुरम पुलिस चौकी रोड और अवंतीबाई चौक के आसपास व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी अव्यवस्था पर अंकुश लगाया जा सका।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे लावारिस रूप से खड़ी ठेल-धकेल और खोखों को हटाते हुए कई को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा सड़क किनारे बाइक मिस्त्रियों द्वारा रखे गए खराब मोटरसाइकिलों के ढांचे भी जब्त किए गए, जो यातायात में बाधा बन रहे थे।
स्थानीय लोगों द्वारा लगातार इस क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतें नगर निगम प्रशासन से की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई । अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपना सामान समेटते नजर आए, जबकि कुछ ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों और अन्य लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर नगर निगम का सहयोग करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *