अ.भा. प्राइजमनी वालीबाल टूर्नामेंट आगरा के एकलव्य स्टेडियम में 28 जनवरी से , तैयारियों जोरों पर

Exclusive उत्तर प्रदेश

एल एस बघेल, आगरा, 19 जनवरी। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित अखिल भारतीय प्राइजमनी वालीबाल टूर्नामेंट आगरा के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। वालीबाल का यह बड़ा टूर्नामेंट होता है। जिसमें देश की जानी मानी 12 टीमें हिस्सा लेती हैं। जिनमें तीन टीमें तो अकेले उत्तर प्रदेश से हैं। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस, संयुक्त हास्टल तथा वालीबाल अकादमी उत्तर प्रदेश की टीम होगी। इन 12 टीमों में से अभी तक 11 की कनफरमेशन आ चुकी है। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों में पंजाब पुलिस, नार्दन रेलवे, एक्साइज चंडीगढ़, साई कुरुक्षेत्र, जाट सेंटर बरेली, अहमदाबाद हास्टल और एक्साइज मुंबई। टूर्नामेंट की विजेता टीम को दो लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। जबकि उपविजेता कौ एक लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी के पी राना आदि भी भाग लेने आगरा आ रहे हैं।
अखिल भारतीय वालीबाल टूर्नामेंट इसी माह 28 से 31 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। पहले इसकी तिथियां कुछ और थीं। टूर्नामेंट की तैयारियां स्टेडियम में इन दिनों जोरों पर चल रही हैं। एकलव्य स्टेडियम के मुख्य मैदान में दो वालीबाल कोर्ट बनाये गये हैं। जिनमें पानी की छिड़काव आदि लगातार किया जा रहा है। इसके अलावा नेट लगा दिये गये हैं। लाइटिग की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा का कहना है कि रात में मैच नहीं कराये जाएंगे क्योंकि इन दिनों आगरा में सर्दी बहुत है। टीमों के ठहरने की व्यवस्था स्टेडियम के आसपास के होटलों में की गयी है। भोजन व्यवस्था टीमों द्वारा खुद अपने स्तर से की जाती है। खेल निदेशालय द्वारा टीमों को भोजन की धनराशि दे दी जाती है। आरएसओ श्री शर्मा ने सोमवार को सुबह ही वालीबाल टूर्नामेंट के लिये की जा रहीं तैयारियों का जायजा लिया। जो कमियां हैं, उनको दूर करने के निर्देश अधीनस्थों को दिये।

वालीबाल के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं दक्षिणांचल विद्युत निगम के एमडी रहे एसवीएस राठौर बताते हैं कि आगरा में पहले भी अखिल भारतीय प्राइजमनी टूर्नामेंट हो चुका है। उन्होंने बताया कि उप्र वालीबाल एसोसिएशन से टूर्नामेंट के लिये आफीसियल मांगे गये हैं। जबकि जिला इकाई से सहयोग मांगा गया है। श्री रौठार ने कहा कि निदेशलाय द्वारा जो भी सहयोग जिला वालीबाल एसोसिएशन से मांगा जाएगा, हम तत्काल देने के लिये तैयार हैं। श्री राठौर ने आगरा वासियों से अपील की है कि वे बड़ी से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करें। साथ ही युवा खिलाड़ियों को वरिष्ठ खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने को कहा है।
वैसे आगरा के लिलेय यह गौरव की बात है। काफी लंबे समय बाद अखिल भारतीय वालीबाल टूर्नामेंट का आयोजन ताज नगरी में किया जा रहा है। इससे वालीबाल खेल के प्रति आगरा के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा। आयोजन में भी अब केवल एक हफ्ते का समय शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *