
आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर सर्व हिंदू रक्षा समिति के तत्वावधान में कर्मयोगी नगर स्थित वृंदावन पार्क, बृज विहार में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजार से अधिक महिलाओं और पुरुषों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और आमजन की बड़ी उपस्थिति के बीच धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभाव को सशक्त करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज की एकजुटता को सुदृढ़ करना, सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। एक स्वर में उपस्थित जनसमूह ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय चेतना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अजीत महापात्रा (अखिल भारतीय गोवर्धन प्रमुख) ने पर्यावरण संरक्षण और मातृशक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक परंपरा उसे विश्वगुरु बनाने की दिशा में अग्रसर है, जिसे अब कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना पर विचार रखते हुए समाज को संगठन, संस्कार और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वृंदावन की प्रसिद्ध कथा वाचक देवी अंजलि किशोरी, हिंदू संस्कृति कार्यक्रम के संरक्षक श्री निवास भागवताचार्य, अध्यक्ष मेघराज शर्मा, महामंत्री दीपेश उपाध्याय सहित कौशल शर्मा, हरेश सिंघल, गिरजेश तिवारी, अमृत माखीजा, योगेश गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, विशाल सिंह, अमित शर्मा, बहादुर सिंह, हरिओम बाबा, प्रदीप अग्रवाल (पार्षद), अमित ग्वाला, पवन बंसल, अरुण, मनोज, मनोज गुप्ता, प्रेमलता शर्मा, मधु माखीजा, बबीता शर्मा और मीनाक्षी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक गौरव के उद्घोष के साथ हुआ, जहां उपस्थित जनसमूह ने भारत की सनातन परंपरा को सहेजते हुए राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
