बल्केश्वर पार्क के पास अवैध निर्माण पर चला निगम का बुलडोजर, ईंट-मलवा जब्त
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बल्केश्वर पार्क स्थित मंदिर के निकट फुटपाथ पर किए गए पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। टोरंट पावर द्वारा बिना किसी अनुमति के ट्रांसफार्मर स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्य सड़क किनारे फुटपाथ पर लंबे-चौड़े पक्के चबूतरे का निर्माण कराया जा रहा था, जिसे नगर निगम ने अवैध मानते हुए कार्रवाई की।
स्थानीय पार्षद और एसएफआई द्वारा इस अवैध निर्माण की शिकायत नगर निगम प्रशासन से की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगम की टीम वहां पहुंची। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर टोरंट पावर का कोई भी प्रतिनिधि मौजूद नहीं मिला। हालांकि, आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर यह जानकारी सामने आई कि उक्त निर्माण कार्य टोरंट पावर कंपनी द्वारा कराया जा रहा था।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़क किनारे फुटपाथ पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण पूरी तरह अवैध है और इससे आम जनता के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही चबूतरे को ध्वस्त करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान निर्माण में प्रयुक्त ईंटें और सारा मलवा जब्त कर लिया गया। निगम प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि शहर में सार्वजनिक भूमि, फुटपाथ और सड़कों पर बिना अनुमति किए जाने वाले किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
