मदिया कटरा रोड की सुंदरता बढ़ायेगी पिंक बोगनविलिया

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। सड़कों के डिवायडरों की मरम्मत पेंट आदि के अलावा डिवायडरों के बीच हरियाली के साथ साथ समान प्रजाति के फूलों की पट्टी तैयार कर उन्हें आकर्षक बनाने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। मदिया कटरा से भावना क्लार्क तक सड़क के बीच डिवायडर पर पिंक बोगनविलिया के दो हजार से अधिक पौधों को लगाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहप्रभारी उद्यान विपिन यादव ने बताया कि नगर निगम अब शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों के सोैंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। मदिया कटरा से भावना क्लार्क तक रोड के बीचों बीच डिवायडर पर बोगनविलिया के दो हजार से अधिक पौधों को लगाये जाने का निर्णय लिया गया है। इस पर कार्य भी शुरु कराया जा चुका है। हर रोड पर डिवायडरों के बीच समान प्रजाति के पेड़ पौधों को लगाये जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। हॉर्टिकल्चरिस्ट वंदना पवार की देखरेख में यह काम चल रहा है। पिंक बोगनविलिया की रंगीन पत्तियां सड़क को सुंदर और आकर्षक बनाने के साथ ही शहरी क्षेत्रों को हरियाली और जीवंतता प्रदान करता है। बोगनविलिया को न तो ज्यादा पानी की जरुरत होती है और न ही देखभाल की। इससे नगर निगम की बागानी लागत भी कम होती है। यह पौधा धूल और प्रदूषकों अवषोषित कर हवा को साफ रखने में भी मदद करता है। वाहन उत्सर्जन से निकलने वाले हानिकारक कणों को रोकने में सहायक होने के साथ ही रात के समय वाहनों की हेडलाइट की चमक को भी कम कर वाहन चालकों को बेहतर विजिबिलिटी प्रदान करता है। इसके अलावा कांटेदार होेने के कारण लोगों को डिवायडरों पर बैठने और गलत तरीके से पार करने को भी हतोत्साहित करता है। उन्होंने बताया कि यमुना किनारे किले के चारों ओर प्लांटर में लगभग ढाई हजार बहुवर्षीय पौधे लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रकार के पौधे एक बार लगाये जाने के बाद दो से तीन साल तक फूल देने में समर्थ होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *