
—- स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर मुगल रोड कावेरी कुंज क्षेत्र में जुटीं नगर निगम कर्मियों की टीम
आगरा। शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 की तैयारियों को गति देते हुए हरीपर्वत जोन के मुगल रोड स्थित कावेरी कुंज क्षेत्र में विशेष महा सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगर निगम और सहयोगी संस्था म्यूज़ फाउंडेशन की संयुक्त भागीदारी देखने को मिली।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में संचालित किए गए अभियान का उद्देश्य शहर के प्रमुख क्षेत्रों में साफ-सफाई के उच्च मानकों को सुनिश्चित करना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान सफाई कर्मियों ने सड़कों पर झाड़ू लगाकर गहन सफाई की। सड़क पर जमी धूल, कूड़ा और मिट्टी को पूरी तरह हटाया गया, जिससे क्षेत्र साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आया। इसके साथ ही रोड, साइट डिवाइडर और आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई और धुलाई की गई।
म्यूज़ फाउंडेशन की टीम ने सफाई कार्य में सहयोग करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को कचरा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर कचरा संग्रहण किया गया तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके अलावा वॉटर स्प्रिंकलर गाड़ी के माध्यम से सड़कों की धुलाई कराकर क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ बनाया । इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे आगरा को स्वच्छता के मामले में देश के शीर्ष शहरों में शामिल किया जा सके।


