आगरा, 28 जून। मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकंडन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास और स्वरोजगार प्रशिक्षण /रुडसेट की बैठक विकास भवन में संपन्न हुई।
जिसमें 10 जनवरी को आयोजित विगत बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात रूरल डेवलपमेंट एंड सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट आगरा के व्यय प्रपत्र की समीक्षा की गई। जिसमें बताया गया कि इस वर्ष संस्थान द्वारा 6750820 रुपए कुल व्यय किया गया। बैठक में बताया गया कि बैंक मित्र के अंतर्गत 02 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें डेयरी, मशरूम कृषि, ब्यूटीपार्लर, टेलरिंग इत्यादि कोर्स में 70 प्रतिशत महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है। बैठक में नए वित्तीय वर्ष हेतु प्रशिक्षण योजना पर विचार किया गया जिसमें बताया गया कि डेयरी फार्मिंग, वर्मी कंपोस्ट, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्किंग, बैंक मित्रा, ब्यूटी पार्लर, टेलरिंग, सेल फोन रिपेयरिंग इत्यादि कोर्स में 814 लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य मिला है, ट्रेनिंग के बाद प्रशिक्षार्थियों को स्व रोजगार करने हेतु ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त लोगों के स्वरोजगार की रिपोर्ट तलब की। तथा निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त जो भी स्व रोजगार कर रहे हैं उनके उत्पाद को खरीदने, बाजार उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था तथा उनको विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी हेतु मार्गदर्शन व प्लेटफार्म उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके।


