जनपद में प्राचीन महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकी जी की भव्य रूप से मनाई गई जयन्ती।
महर्षि वाल्मीकि की मन्दिर के साथ-साथ जनपद के सभी विकास खण्ड के मंदिरों में अनवरत रामायण पाठ, भजन और भक्तिमय लोकगीत कार्यक्रम का हुआ आयोजन
आगरा-17.10.2024/शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के मार्गदर्शन में प्राचीन महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती जनपद में भव्य रूप में मनाई गई।
महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती के सुअवसर पर जनपद में कई विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जनपद के विभिन्न श्रीराम जी व हनुमान जी के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन तथा माल्यार्पण के साथ ही रामायण का पाठ हुआ। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मंदिरों में अनवरत रामायण पाठ, सुन्दर काण्ड, रामकथा प्रवचन, श्रीराम जी तथा श्री हनुमान जी के भजन और भक्तिमय लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताते चलें कि महर्षि वाल्मीकि विश्व के आदि कवि हैं जिनके द्वारा रचित रामायण विश्व के आदि ग्रंथ के रूप में आज भी पूज्यनीय है, जो व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्रीय मूल्यों के निर्माण में वैश्विक स्तर पर मार्गदर्शन का आधार है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों एवं राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों व राष्ट्र मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार व जन सामान्य को इससे जोड़ने के लिए महर्षि वाल्मीकि, श्री राम, हनुमान जी से संबंधित मंदिरों पर दीप प्रज्वलन, दीपदान के साथ-साथ वाल्मीकि रामायण का पाठ आदि कार्यक्रम आमजन की सहभागिता से कराये गये, जिसके क्रम में विकास भवन, थाना रकाबगंज स्थित महर्षि वाल्मीकि जी की मन्दिर के साथ-साथ जनपद के सभी विकास खण्डों में सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी एवं तहसीलों में सम्बन्धित उपजिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त कर उनके दिशा-निर्देशन में महर्षि वाल्मीकि जयंती के सुअवसर पर श्रीराम व हनुमान जी के मंदिरों में अनवरत रामायण पाठ, भजन और भक्तिमय लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।