7 मई को रात्रि 08 से 08:15 बजे तक होगा ऑपरेशन अभ्यास, एयर रैड वार्निंग सिस्टम पर सायरन बजते ही होगा ब्लैक आउट

Press Release उत्तर प्रदेश

संत रामकृष्ण गर्ल्स कॉलेज बल्केश्वर में आयोजित होगी शाम 04 बजे मॉक ड्रिल

जिलाधिकारी ने आमजन से की अपील, ऑपरेशन अभ्यास के अंतर्गत मॉक ड्रिल व एयर रैड वार्निंग सिस्टम एक्सरसाइज सिर्फ सुरक्षा के दृष्टिगत एक अभ्यास है, किसी भी नागरिक को मॉकड्रिल तथा एयर रैड वार्निंग सिस्टम अभ्यास के समय घबराना व नहीं होना है पैनिक, किसी भी प्रकार की अफवाह पर न दे ध्यान

आगरा 06.05.2025।  आज जिलाधिकारी  अरविंद मल्लप्पा बंगारी  की अध्यक्षता में 07.05.2025, रात्रि 08 बजे से 08:15 ऑपरेशन अभ्यास के अंतर्गत एयर रैड वार्निंग सिस्टम अभ्यास की तैयारियों हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि कल 07.05.2025, रात्रि 08 बजे से 08:15 तक ऑपरेशन अभ्यास नियत है। जिसमें प्रथम सायरन उतार चढ़ाव की ध्वनि युक्त होगा जो हवाई हमले का रैड सिग्नल बताएगा अर्थात हवाई हमला की परिस्थिति उत्पन्न है, उक्त अवधि में 02 से 03 मिनट रैड सिग्नल बजने तक सभी लोग स्वेच्छा से सहयोग करते हुए अपने आसपास, घरों, प्रतिष्ठानों, संस्थानों, के विभिन्न विभिन्न प्रकाशकीय स्रोत यथा विद्युत, सोलर लाइट, इनवर्टर, वाहनों की लाइट आदि तथा अन्य प्रकाश के उपकरण बंद रखेंगे। उक्त ब्लैक आउट के सफल संचालन हेतु आमजन, व्यापार मंडल, औद्योगिक संस्थाए आदि सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई है, तत्पश्चात दूसरा सायरन एक जैसी लम्बी आबाज का बजाया जाएगा, जो ग्रीन सिग्नल होगा। अर्थात पूर्व की भांति सामान्य स्थिति बहाल हो गई है, तथा सभी आमजन अपनी लाइट, व प्रकाशकीय उपकरण पूर्ववत कर लें, तत्पश्चात, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि शहर के 04 स्थानों यथा सीओडी, आगरा कैंट, जयपुर हाउस स्थित एडीए ऑफिस व जालमा संस्थान से इलेक्ट्रिक सायरन बजेंगे तथा 15 स्थानों यथा कलेक्ट्रेट, मोहनपुरा, नराइच, रुई की मंडी शाहगंज, आईटीआई बल्केश्वर, पानी की टंकी कमलानगर, पुरानी मंडी ताजगंज, सेक्टर 01. आवास विकास कॉलोनी, रावतपाड़ा, नरीपुरा, शहीद स्मारक संजय प्लेस, भगवान टॉकीज, बैनारा उद्योग, बोदला, शिल्पग्राम, गुरुद्वारा गुरु का ताल पर नागरिक सुरक्षा के वार्डेन द्वारा हँड सायरन बजाकर एयर रैड वार्निंग सिस्टम के अंतर्गत आम जनता को जागरूक किया जाएगा।

ऑपरेशन अभ्यास के अंतर्गत मॉक ड्रिल का आयोजन शाम 04 बजे संत रामकृष्ण गर्लस कॉलेज बल्केश्वर में किया जाएगा जिसमें स्वास्थ्य व अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा आदि विभागों की टीम द्वारा मॉकड्रिल के समय घायलों को घटनास्थल पर उपचार देने, ध्वस्त भवन से व्यक्तियों को बाहर निकालने, आग बुझाने, जन मानस को आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थान पर ले जाने एवं बचाव सेवा की अन्य महत्वपूर्ण विधियों का अभ्यास प्रदर्शन की कार्यवाही संपन्न की जाएगी। मॉकड्रिल हेतु उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा के नेतृत्व में 700 वार्डेन की विभिन्न टोलियों में टीम भी सहयोग हेतु तैनात रहेंगी। बैठक में बताया गया कि सभी, स्कूल, कॉलेजों, आदि में भी ऑपरेशन अभ्यास के संबंध में प्रशिक्षण सत्र, गोष्ठियों को आयोजित कर जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी  ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हवाई हमले से बचाव की माँक ड्रिल व एयर रैड वार्निंग सिस्टम अभ्यास सिर्फ सुरक्षा के दृष्टिगत एक एक्सरसाइज है किसी भी नागरिक को मॉकड्रिल तथा एयर रैड वार्निंग सिस्टम अभ्यास के समय घबराना व पैनिक नहीं होना है न किसी प्रकार की अफवाह फैलाएं तथा अपने आसपास, घरों, व्यावसायिक, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों में ऑपरेशन अभ्यास के अंतर्गत सभी प्रकार की प्रकाशीय उपकरण बंद कर सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *