भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक सुविधा, पारदर्शिता एवं प्रोत्साहन प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में रेलवे द्वारा संचालित रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित रेल टिकट खरीदने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं लाभकारी सुविधा का विस्तार किया गया है।यह सुविधा प्रायोगिक आधार पर 14.01.2026 से 14.07.2026 तक लागू रहेगी। अब तक रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करने पर ही यात्रियों को 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा उपलब्ध थी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एवं डिजिटल भुगतान को और अधिक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेलवे ने इस लाभ को अब सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू करने का निर्णय लिया है।
नई व्यवस्था के अंतर्गत रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट लेते समय यदि यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा अन्य स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग करते हैं, तो उन्हें टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत का लाभ प्राप्त होगा, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में सीधी बचत होगी।
रेलवे का यह कदम कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देने के साथ-साथ डिजिटल इंडिया अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। विशेष रूप से दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों, उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों तथा अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले आम नागरिकों को इससे प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
एकीकृत सुपर ऐप के रूप में CRIS द्वारा विकसित रेलवन ऐप का बीटा संस्करण जनवरी 2025 में प्रारंभ किया गया था। यह ऐप प्ले स्टोर एवं ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। रेल कनेक्ट अथवा यूटीएस मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता अपने पहचान प्रमाण के माध्यम से इसमें सीधे लॉग इन कर सकते हैं।रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट, आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन एवं स्टेशन से संबंधित विभिन्न जानकारियाँ, शिकायत निवारण तथा अन्य यात्री सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। अनारक्षित टिकट हेतु काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से बचने में यह ऐप यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है। अब सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर 3 प्रतिशत लाभ की सुविधा मिलने से इसकी लोकप्रियता में और वृद्धि होने की संभावना है।
यह पहल न केवल यात्रियों के समय एवं धन की बचत करेगी, बल्कि रेलवे सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुगम एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
रेलवन ऐप की प्रमुख विशेषताएं
* ट्रेन, कोच पोजीशन एवं पीएनआर नंबर की जानकारी
* आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट की बुकिंग एवं रद्दीकरण
* रियल टाइम ट्रेन पूछताछ एवं लाइव स्टेटस
* ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग
* शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने तथा उनकी स्थिति जानने की सुविधा l
रेलवन ऐप का आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर बैनर, पोस्टर एवं उद्घोषणा के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
