
एलएस बघेल, आगरा। विश्व कप हाकी टूर्नामेंट की तरह अब भारत मास्टर्स हाकी विश्व कप में भी हिस्सा लेगा। पहली बार मास्टर्स हाकी टीम इसी साल केपटाउन में होने वाले मास्टर्स हाकी वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी। ये टूर्नामेंट अलग-अलग आयु वर्ग के लिए अलग-अलग कराये जाते हैं। मास्टर्स हाकी वर्ल्ड कप महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए आयोजित कराये जाते हैं। यह जानकारी भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्तान , ओलंपियन एवं भारतीय मास्टर्स हाकी कमेटी के मेंबर जगवीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि वर्ल्ड मास्टर्स हाकी संघ द्वारा विश्व कप के आयोजन के लिए स्थानों का चयन किया जाता है। जिसमें केपटाउन में इसी साल 35 से 40 साल आयु वर्ग के खिलाड़ियों का मास्टर्स हाकी विश्व कप आयोजित किया जाएगा। जिसमें पहली बार भारतीय महिला एवं पुरुष हाकी टीम हिस्सा लेगी। वर्ष 2024 में आकलैंड में जो विश्व कप मास्टर्स हाकी टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। उसमें 45 से 50 वर्ष तक के महिला और पुरुष हाकी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसी तरह अन्य आयोजनों के लिए भी वर्ल्ड मास्टर्स हाकी संघ द्वारा कार्यक्रम तैयार किया जाता है। वैसे तो ये विश्व कप पहले से हो रहे हैं लेकिन भारत पहली बार इसमें हिस्सा लेगा।
मास्टर्स हाकी संघ को एफआईएच से मान्यता प्राप्त है। इन आयोजनों का खर्चा वर्ल्ड मास्टर्स हाकी संघ द्वारा वहन किया जाता है। भारत में भी सीनियर हाकी प्लेयर्स द्वारा इसका खर्चा वहन किया जा रहा है। भारत सरकार से फिलहाल कोई आर्थिक मदद नहीं मिल रही है। लेकिन जगवीर सिंह को उम्मीद है कि निकट भविष्य में भारत सरकार और भारतीय हाकी संघ द्वारा आर्थिक मदद मिल सके। वरिष्ठ खिलाड़ी अपने स्तर से खर्चा वहन कर रहे हैं।
भारतीय मास्टर्स हाकी कमेटी में ओलंपियन जगवीर सिंह के अलावा गोलकीपर एवी सुवैया, हरविंदर सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक एवं हाकी खिलाड़ी आरपी सिंह भी हैं। मास्टर्स हाकी का मूल उद्देश्य पूर्व खिलाड़ियों का इनवाल्वमेंट बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वैसे तो छोटे स्तर से हाकी को बढ़ावा देते हैं। अब पुराने खिलाड़ी जब मैदान में उतरेंगे तो छोटे बच्चे भी उनकी खेल की तकनीक से बहुत कुछ ज्ञान हासिल कर सकेंगे। वैसे भी मास्टर्स को हाकी को गुडवाय कहने की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि मास्टर्स हाकी वर्ल्ड कप में खिलाड़ी अपने परिवार को भी साथ ले जा सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुराने खिलाड़ियों से मिलने का मौका मिलता रहेगा। भारत की हाकी टीम को पहली बार इस विश्व कप में खेलने का मौका मिलने जा रहा है। जिसको लेकर तैयारियां अभी से की जा रही हैं। जल्द ही मास्टर्स हाकी संघ की कमेटी की बैठक होगी, जिसमें आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।