ड्यूटी से गायब रहने वाले सौ सफाई कर्मियों को नोटिस

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा, 16 जून। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने ड्यूटी से गायब रहने वाले सफाई कर्मियों के प्रति सख्त रुख अपनाया है। ऐसे सौ कर्मचारियों को उन्होंने नोटिस जारी करने के आदेश दिये हैं। नोटिस के माध्यम से सख्त चेतावनी दी गई है कि अगर ऐसे कर्मचारियों ने अपना रवैया न बदला तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।
नगरायुक्त को पिछले कुछ समय से इस प्रकार की शिकायतें मिल रहीं थीं कि सफाई कर्मचारी न आने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर उन्होंने विभिन्न वार्डो में तैनात निगम के सफाई कर्मियों का डाटा निकलवाया। जांच करने पर पता चला कि बड़ी संख्या में सफाई कर्मी काम पर नहीं आ रहे हैं। इनमें से कई तो ऐसे थे जो पन्द्रह पन्द्रह दिनों से डृयूटी से गायब थे। इसे घोर लापरवाही मानते हुए नगरायुक्त ने नोटिस जारी करने के आदेश सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को दिये हैं। सहायक नगरायुक्त ने बताया कि इन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किये जा रहे हैं।
–सबसे खराब स्थिति बेलनगंज वार्ड में—
सहायक नगरायुक्त ने बताया कि सबसे खराब स्थिति बेलनगंज वार्ड 41 में है। यहां पर नौ सफाई कर्मचारी दस से पन्द्रह दिन से काम पर नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा वार्ड 93 वजीरपुरा में आठ और नगला मोहन में पांच सफाई कर्मी पिछले कई दिनों से काम से गायब हैं। एक दर्जन से अधिक अन्य वार्डों में भी कर्मचारियों के काम पर न आने की जानकारी मिली हैं। उन्होंने बताया कि वाटर स्प्रिंकलर करने वाले नौ कर्मचारी भी डृयूटी से गायब हैं। इन्हें भी नोटिस जारी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *