नोडल अधिकारी ने जिला अस्पताल में कोविड व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

Health उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

आगरा, 11 अप्रैल। देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इन मामलों को लेकर केंद्र और यूपी दोनों ही सरकारें गंभीर दिखाई दे रही हैं। आगरा पर्यटन नगरी है, इसीलिए स्वास्थ्य महकमा लगातार यहां से अपडेट ले रहा है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को दिशा निर्देश जारी किए हैं कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं को जाँचा एवं परखा जाए। यह जांच पड़ताल भी 2 दिनों के अंदर निरीक्षण के साथ सौंपनी है।मंगलवार सुबह लगभग 10:30 बजे स्वास्थ विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. शशि बाला और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को जाना, परखा एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले टीम कोविड-19 वार्ड में पहुँची। यहां पर कोविड-19 वार्ड की स्थिति देखी साथ ही कोविड-19 उपकरण को भी चलवा कर चेक किया गया।

ऑक्सीजन प्लांट किया चेक

स्वास्थ विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. शशि बाला ने बताया कि आज कोविड से जुड़े उपकरण को जिला अस्पताल में चेक करने के लिए आये है। स्वास्थ विभाग की ओर से इस संबंध में निर्देश मिले थे। आज आकर कोविड वार्ड और उसमें लगे उपकरण चेक किये है। वार्ड में ऑक्सीजन सप्लाई को देखा है उन्हें चेक भी किया गया। ऑक्सीजन प्लांट से भी सप्लाई देखी गयी है। सभी दुरुस्त मिले है। जो छोटी कमियां है वो बताई गई है।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिस तरीके से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। यह चिंता का विषय है। इसीलिए उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के बाद पूरे प्रदेश में जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज एवं सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है। आगरा में बढ़ता कोविड संक्रमण चिंता का विषय है। आगरा में 40 से अधिक कोविड-19 के मरीज सक्रिय हैं। इनमें से कोई भी मरीज विदेशी नहीं है। सीएमओ ने बताया कि अभी ऐसी नौबत नहीं आई है कि किसी मरीज को भर्ती किया जाए। अगर हालात बिगड़ते हैं तो निश्चित तौर पर स्वास्थ्य विभाग इसके लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *