
नगर आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय अभियंता ने किया निरीक्षण, लैप्रोसी पेशेंट वेलफेयर सोसायटी की मांग पर उठाया गया कदम
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने ताजगंज स्थित कुष्ठ आश्रम में रहने वाले रोगियों को खराब फर्श से हो रही परेशानी से जल्द राहत दिलाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस संबंध में क्षेत्रीय अभियंता को आश्रम परिसर में निर्माण कार्य का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त के आदेश के बाद क्षेत्रीय अभियंता कृष्ण गोपाल ने लैप्रोसी पेशेंट वेलफेयर सोसायटी की सचिव डॉ. मधु भारद्वाज के साथ आश्रम पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फर्श की क्षतिग्रस्त स्थिति और उससे रोगियों को हो रही असुविधा का जायजा लिया।
दरअसल, संस्था की सचिव डॉ. मधु भारद्वाज ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर बताया था कि आश्रम में कई स्थानों पर फर्श टूट-फूट गया है, जिससे वहां रहने वाले कुष्ठ रोगियों को चलने-फिरने में कठिनाई होती है। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंता को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम प्रशासन का यह कदम कुष्ठ आश्रम में रह रहे रोगियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। शीघ्र ही नए फर्श के निर्माण से आश्रम परिसर की स्थिति में सुधार होगा और निवासियों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।


