आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में अधेड़ व्यक्ति पर हमला करने वाले नंदी को नगर निगम की टीम द्वारा आज पकड़ लिया। नंदी के हमले में पचास वर्षीय राजू निषाद की जान चली गई थी। लोगों के अनुसार, मृतक नशे की हालत में नंदी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
कैटल कैचर टीम के मुताबिक, राजू निषाद काफी समय से इस नंदी को अपने घर के पास खिलाता-पिलाता था। रविवार को वह नशे की अवस्था में उसके पास गया और खेलते समय उसका कपड़ा नंदी के सींग में फँस गया। नंदी द्वारा दिए गए जोरदार झटके से वह दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत एस.एन. मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, जहाँ देर शाम उसकी मौत हो गई।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार ये नंदी कभी भी हमलावर नहीं रहा। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुँची और बिना किसी प्रतिरोध के नंदी को पकड़कर गौशाला भेज दिया।
—नगर निगम की अपील—सड़क पर पशुओं को न खिलाएँ
घटना के बाद नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर, गलियों में या घर के बाहर पशुओं को भोजन न कराएँ। इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है। पशु आवारा हो जाते हैं। डेयरी संचालक स्थिति का फायदा उठाकर अपनी गाय-भैंसों को शाम में सड़क पर छोड़ देते हैं
निगम प्रशासन ने कहा है कि जो लोग गौसेवा करना चाहते हैं, वे गौशालाओं में भोजन दान करें, जिससे पशुओं की सही देखभाल हो सके।
—– 688 पशु पकड़े गए, लाखों रुपये का जुर्माना वसूला गया —-
नगर निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई कर अब तक 688 पशुओं को पकड़ा जा चुका है और इनके स्वामियों से 1661200 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि सड़क पर पशु छोड़ने पर 2000 रुपये का जुर्माना तथा वापस न लेने पर प्रति दिन 100 रुपये का अतिरिक्त दंड भी नगर निगम द्वारा वसूला जाता है।


