——पुरानी सामग्री को पुनः उपयोगी बनाने के लिए चलाया जा रहा अभिनव अभियान
—–5R सिद्धांत के साथ शहर में जागरूकता की नई लहर
— पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण को दे रहा नई दिशा
आगरा। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश करते हुए आगरा नगर निगम ने “5R”—रिफ्यूज, रिड्यूस, रीयूज, री-पर्पज और रीसायकल के सिद्धांतों पर आधारित एक वृहद जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य न केवल पुराने और अनुपयोगी वस्तुओं का संग्रहण एवं पुनः उपयोग करना है, बल्कि समाज में कचरा प्रबंधन और सतत विकास की भावना को भी सशक्त करना है।
नगर निगम द्वारा संचालित प्रचार वाहन प्रतिदिन शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में जाकर घर-घर से पुराने कपड़े, बर्तन, खिलौने, जूते-चप्पल जैसी सामग्रियों को एकत्रित कर रहे हैं। इन वस्तुओं को विशेष रूप से स्थापित “फाइव आर सेंटरों” में लाया जाता है, जहां स्व-सहायता समूह की महिलाएं उन्हें अपनी कला और कौशल के माध्यम से पुनः उपयोग योग्य और आकर्षक उत्पादों में बदल देती हैं। इससे न केवल पर्यावरण को बचाने में मदद मिलती है, बल्कि इन महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रोत्साहन मिलता है।
इस अभियान में महिलाओं की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है। वे न केवल पुरानी वस्तुओं को नया जीवन देती हैं, बल्कि समाज को भी यह संदेश देती हैं कि पुनर्चक्रण के ज़रिए कचरे को भी मूल्यवान संसाधन में बदला जा सकता है। फाइव आर सेंटर मोतीलाल नेहरू रोड घटिया, खंदारी शेल्टर होम, नगर निगम परिसर, ताजगंज व लोहामंडी ज़ोनल ऑफिस, शाहगंज व धूलियागंज वार्ड ऑफिस, नाराइच शेल्टर होम आदि स्थानों पर शहरवासियों को अपनी अनुपयोगी सामग्री दान करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। यहां जमा की गई सामग्री को ज़रूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
नगर निगम की IEC टीम द्वारा सभी 100 वार्डों में घर-घर जाकर इस अभियान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, शहर के प्रमुख स्थानों पर कैनोपी लगाकर भी पुराने कपड़े, बर्तन, खिलौने व अन्य सामग्री एकत्र की जा रही है। साथ ही “नेकी की दीवार”, “बर्तन बैंक”, “एक्सचेंज शॉप” और पुराने कपड़ों से बने “थैलों” की पहल के माध्यम से नगर निगम ने कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण को जन-आंदोलन का रूप दे दिया है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस अभियान के संबंध में नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि, “यह अभियान केवल स्वच्छता का प्रयास नहीं, बल्कि आगरा को एक आत्मनिर्भर, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति सजग शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मैं सभी नगरवासियों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने घरों की अनुपयोगी वस्तुओं को ट्रिपल आर सेंटर पर दान करें और इस प्रेरणादायक अभियान का हिस्सा बनें। आप सभी की भागीदारी से ये जनांदोलन आगरा को स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सकता है।”