
—- वेस्ट टू वेल्थ’ का मॉडल, ताजनगरी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लिखी सफलता की नई कहानी
—- स्वच्छता के साथ आत्मनिर्भरता, ट्रिपल आर पहल से बदल रही महिलाओं की ज़िंदगी
आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शहर में स्थापित फाइव आर सेंटर (रिफ्यूज, रीड्यूज, रीयूज, रीसाइकिल और रीपरपज) न केवल स्वच्छता अभियान को मजबूती दे रहे हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सशक्त कदम साबित हो रहे हैं। इन सेंटरों का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं।
नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अनावश्यक वस्तुओं को लेने से मना करने , उनके उपयोग को कम करने , पुनः उपयोग , पुनर्चक्रण और पुरानी वस्तुओं को नए रूप में उपयोग करने के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से न केवल कचरे की मात्रा में कमी लाई जा रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
—- घर-घर से संग्रहण, बढ़ी सहभागिता—-
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष गाड़ियां संचालित की जा रही हैं, जो शहर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में जाकर घर-घर से अनुपयोगी लेकिन उपयोगी वस्तुओं का संग्रहण कर रही हैं। इससे नागरिकों को सेंटर तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ती और अधिक से अधिक सामग्री आसानी से एकत्रित हो रही है।
—- महिलाओं के लिए आय और सम्मान का अवसर—
इन सेंटरों पर एकत्रित वस्तुओंजैसे पुराने कपड़े, किताबें, खिलौने, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचरको महिलाओं द्वारा छांटा जाता है। इसके बाद इन वस्तुओं को या तो सीधे पुनः उपयोग में लाया जाता है या अपसाइक्लिंग के माध्यम से नए उत्पादों में बदला जाता है।
इस प्रक्रिया से महिलाओं को न केवल रोजगार मिल रहा है, बल्कि वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। कई महिलाएं अब अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। यह पहल उन्हें सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास भी प्रदान कर रही है।
—- ‘वेस्ट टू वेल्थ’ का सफल मॉडल—
नगर निगम का यह मॉडल “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को साकार कर रहा है, जहां कचरे को संसाधन में बदलकर आय का स्रोत बनाया जा रहा है। साथ ही, यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती दे रही है।
सेंटर प्रभारी रेखा गुप्ता के अनुसार ट्रिपल आर सेंटरों के माध्यम से हम न केवल शहर को स्वच्छ बना रहे हैं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं और यह पहल लगातार विस्तार की ओर बढ़ रही है।”
—- नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि ट्रिपल आर सेंटर आगरा नगर निगम की एक अभिनव पहल है, जो स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण—तीनों को एक साथ जोड़ती है। हम चाहते हैं कि शहर का हर नागरिक इस अभियान से जुड़े और अनुपयोगी वस्तुओं को सेंटर तक पहुंचाकर ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मिशन का हिस्सा बने। इससे न केवल शहर स्वच्छ और सुंदर बनेगा, बल्कि हमारी माताएं-बहनें आर्थिक रूप से सशक्त होकर आत्मनिर्भर भी बनेंगी।”


