प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नगर निगम की सख्ती, शराब ठेके से दो हजार से अधिक पानी पाउच जब्त, हंगामा करने पर बुलानी पड़ी पुलिस
आगरा। शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थलों पर फैल रही गंदगी को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शराब के ठेकों पर सख्त कार्रवाई की। नगर निगम को सूचना मिली थी कि कुछ ठेकों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक में पैक पानी के पाउच की बिक्री की जा रही है, जिससे न केवल प्लास्टिक प्रतिबंध का उल्लंघन हो रहा है बल्कि उपभोक्ताओं द्वारा खाली पाउच नालों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने से गंदगी भी फैल रही है।
इसी सूचना के आधार पर जेडएसओ महेंद्र सिंह के निर्देशन में सीएसएफआई मुनेश मौर्य और एसएफआई नीरेन्द धाकरे की टीम ने बोदला चौराहा और शाहगंज डबल फाटक स्थित शराब के ठेकों पर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दोनों ठेकों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास का उपयोग और आसपास गंदगी पाए जाने पर संचालकों पर जुर्माना लगाया गया।
छापेमारी के दौरान शाहगंज स्थित ठेके पर एक वाहन पानी के पाउच की खेप लेकर पहुंचा। टीम ने वाहन की जांच की तो उसमें बोरों में भरे दो हजार से अधिक पानी के पाउच पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। अमित नीर नामक कंपनी के ये सभी पाउच प्रतिबंधित प्लास्टिक में पैक थे।
कार्रवाई के दौरान ठेका संचालक द्वारा नगर निगम कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टीम को तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस के पहुंचने के बाद कार्रवाई को शांतिपूर्वक पूरा कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले प्रतिष्ठानों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ठेका संचालकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक प्रतिबंध के नियमों का पालन करें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखें, अन्यथा भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
