नामनेर चौराहे पर नाले पर बनाये गये ढाबे पर चला नगर निगम का बुलडोजर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर आयुक्त के निर्देश पर टीम ने ढाबा किया ध्वस्त, साईं की तकिया से ईदगाह बस स्टैंड तक चला अतिक्रमण विरोधी अभियान

आगरा। नामनेर क्षेत्र में नाले के ऊपर बने अवैध भोजनालय (ढाबे) को नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को ध्वस्त करा दिया। यह ढाबा लंबे समय से नामनेर चौराहे पर यातायात जाम की बड़ी वजह बना हुआ था। स्थानीय नागरिकों ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की थी, जिस पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम की टीम सुबह जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और नाले पर बने ढाबे को पूरी तरह ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक ने विरोध करते हुए निगम कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी की, लेकिन निगम टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान जारी रखा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नाले के ऊपर अवैध निर्माण करना गंभीर उल्लंघन है। इससे न केवल जल प्रवाह बाधित होता है, बल्कि सड़क पर यातायात जाम की स्थिति भी बनी रहती है। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक भूमि या नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ढाबे को हटाने के बाद नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान को आगे बढ़ाया। साईं की तकिया नामनेर से लेकर ईदगाह बस स्टैंड तक चलाए गए इस अभियान में कई ठेले, खोमचे और दुकानों के आगे रखे काउंटर जब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों पर हजारों रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *