बुल्डोजर पर चढ़ी महिला ने किया भारी हंगामा, महिला पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को शहर के दो प्रमुख इलाकोंट्रांस यमुना कॉलोनी और कटरा बजीर खां में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम टीम ने दर्जनों पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर ठेलों और तख्तों को जब्त कर लिया। नगर निगम और पुलिस की सख्ती के चलते हंगामा करने वालों के मंसूबे कामयाब नही हो सके।
ट्रांस यमुना कॉलोनी में ब्लॉक बी फेस वन चौराहे से लेकर लल्लू हलवाई सी ब्लॉक भारद्वाज चौराहे तक निगम का बुलडोजर गरजा। इस दौरान सड़क किनारे तख्त लगाकर सामान बेचने वाली एक महिला हंगामा करते हुए बुलडोजर पर चढ़ गई। महिला पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस और नगर निगम की टीम ने समझाकर उसे बमुश्किल नीचे उतारा। प्रशासनिक सख्ती के चलते विरोध करने वालों को पीछे हटना पड़ा। मौके से निगम टीम ने बड़ी संख्या में तख्त, ठेल-धकेल और सामान जब्त किया।
वहीं कटरा बजीर खां क्षेत्र में भी कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर बनाए गए दर्जनों बाथरूम, शौचालय और नालियों पर बने रैंप ध्वस्त कर दिए गए। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी अवधेश कुमार ने किया, जबकि प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता भी पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर किए गए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। बार-बार चेतावनी के बावजूद अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान लगातार चलता रहेगा।


