आगरा। फाउंड्री नगर बस स्टैंड के आसपास सड़क किनारे और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख़्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत खोखे, तिरपाल, तख्त, बांस-बल्ली और अस्थायी ढांचों को हटवाकर पूरे मार्ग को पूरी तरह से साफ कराया गया।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क और फुटपाथ पर रखे गए अतिक्रमण को हटाया, जिससे लंबे समय से बाधित यातायात और पैदल राहगीरों को बड़ी राहत मिली। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड, बांस-बल्ली और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ समय पूर्व भी नगर निगम द्वारा इसी सड़क पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद दुकानदारों द्वारा दोबारा कब्जा कर अस्थायी निर्माण करा लिए गए थे। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर निगम को पुनः कार्रवाई करनी पड़ी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, बल्कि बस स्टैंड क्षेत्र में जाम और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अभियान का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कर आम जनता को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
नगर निगम ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे स्वयं अतिक्रमण न करें और सार्वजनिक स्थानों का दुरुपयोग न करें, अन्यथा भविष्य में और भी सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
