आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज यमुना ब्रिज से लेकर नुनिहाई रोड स्थित हनुमान नगर तक व्यापक कार्रवाई की गई। सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानों के बाहर फैला सामान और अस्थायी निर्माण हटवाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान को लेकर नगर निगम कर्मियों से दुकानदारों की तीखी बहस भी हुई।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने न केवल अतिक्रमण हटाया, बल्कि गंदगी फैलाने वाले और प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास बेचने वाले दुकानदारों पर भी सख्ती दिखाई। मौके पर जांच के दौरान कई दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पाया गया, जिस पर संबंधित दुकानदारों से हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के चलते कई दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। निगम की टीम को देखकर कुछ दुकानदार स्वयं ही अतिक्रमण हटाते नजर आए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अभियान का नेतृत्व एसएफआई राम जी भैया ने किया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण और गंदगी के कारण न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती है। स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ऐसे क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और कार्रवाई करेगा।
नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं अतिक्रमण न करें, गंदगी न फैलाएं और प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।


