आगरा । नगर निगम ने शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त करा दिया। पहली कार्रवाई बल्केश्वर क्षेत्र की शिवपुरी कॉलोनी में की गई, जहां मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति द्वारा पक्का शौचालय बना दिया गया था। मुख्य मार्ग पर बने इस निर्माण से लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी। इसकी लिखित शिकायत कुंवर सिंह नामक व्यक्ति ने नगर निगम प्रशासन से की, जिसके बाद बुलडोजर की मदद से इस अवैध निर्माण को हटाया गया। इसके अलावा केन्द्रीय हिन्दी संस्थान से लेकर नगला बूढ़ी तक अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटवाये गये।
दूसरी कार्रवाई कमलानगर के डी- ब्लॉक में की गई। यहां एक व्यक्ति ने सड़क किनारे ईंट का चट्टा लगाकर कपड़े प्रेस करने का धंधा शुरू कर दिया था। स्थानीय निवासियों ने कई बार आपत्ति जताई, लेकिन वह व्यक्ति अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं था। इस मामले की शिकायत बटुक नाथ नामक स्थानीय नागरिक द्वारा नगर निगम से की गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए निगम प्रशासन ने मौके पर टीम भेजकर अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया। इस संबंध में अतिक्रमण प्रभारी ने बताया कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण न केवल यातायात बाधित करते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाते हैं। इसी कारण ऐसी शिकायतें मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माण या सड़क कब्जाने वालों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
