यमुना किनारे नगर निगम लगाएगा राधाकृष्ण की थ्री डी वॉल

Press Release उत्तर प्रदेश

— तीस मीटर लंबी और आठ मीटर उंची वॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी
—- थ्री डी इफेक्ट पर आधारित वॉल में रात्रि में लाइटिंग की भी व्यवस्था होगी

आगरा। ताजनगरी में यमुना किनारे नगर निगम पयर्टन को नई पहचान देने की तैयारी कर रहा है। लड्डू गोपाल की विशाल प्रतिमा के बाद अब यहां पर कबाड़ से तैयार की गई राधा कृष्ण की भव्य वॉल को लगाया जाएगा। तीस मीटर लंबी और आठ मीटर उंची ये वॉल न केवल शहर की सुंदरता को चार चांद लगाएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती नजर आएगी।
नगर निगम द्वारा यमुना किनारे स्थित लड्डू गोपाल की प्रतिमा के निकट एक अनोखी पहल की जा रही है। नगर निगम यहां पर राधा कृष्ण की भव्य और विशाल वॉल को स्थापित करने जा रहा है। इस वॉल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। खास बात यह है कि इस वॉल को पुनः उपयोग योग्य लकड़ी के टुकड़ों से तैयार किया गया है जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा। यह अनूठी वॉल थ्री डी कांसेप्ट पर आधारित है और रात्रि के समय इसमें लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी जो इसकी खूबसूरती को और भी निखारेगी। इस वॉल को तैयार करने वाले कलाकार सरफराज ने बताया कि इसके निमाण में सबसे बेहतरीन और सुरक्षित लकड़ी के टुकड़ों का उपयोग किया गया है जिससे इसकी मजबूती और सुंदरता दोनों सुनिश्चित की गई हैं। उनका दावा है कि प्रदेश में अपनी तरह की यह पहली वॉल होगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि ये कलात्मक वॉल यमुना किनारे एक नया आकर्षण का केंद्र बनेगी।

वर्जन—
नगर निगम की यह पहल न सिर्फ आगरा की खूबसूरती में चार चांद लगाएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कला के अद्भुत संगम का भी बेहतरीन उदाहरण पेश करेगी। ताजनगरी की सुंदरता को नया आयाम देने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार इस प्रकार की पहल की जा रही है।

—अंकित खंडेलवाल
नगर आयुक्त
नगर निगम आगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *