नाले पर सामान रखकर कबाड़े का व्यापार नगर निगम ने कार्रवाई कर वसूला हजारों का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- ताजगंज में नाले पर कब्जा करने वालों पर सख्ती, दो कारोबारियों को दी सामान जब्ती की चेतावनी

आगरा। ताजगंज क्षेत्र में नालों पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए नाले के ऊपर कबाड़ रखकर कारोबार करने वालों पर जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई जेड एस ओ ताजगंज महेंद्र सिंह और एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में संयुक्त रूप से की गई।
नगर निगम की टीम ने ताजगंज के हरजूपुरा स्थित मुगल पुलिया के पास निरीक्षण के दौरान पाया कि दिनेश पुत्र रामचंद्र और कैलाशी पुत्र शंकर लाल द्वारा नाले के ऊपर भारी मात्रा में कबाड़ का सामान रखकर कारोबार किया जा रहा था। इससे नाले की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ जल निकासी में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी और आसपास गंदगी व जलभराव की समस्या की आशंका बनी हुई थी।
मौके पर ही नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटवाया और संबंधित कारोबारियों पर हजारों रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि दोबारा नाले पर अतिक्रमण या सामान रखा गया तो संबंधित सामग्री जब्त कर ली जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जेड एस ओ महेंद्र सिंह ने बताया कि नालों पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। नगर निगम द्वारा शहर भर में नालों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि वे नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें तथा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *