जटपुरा में अवैध निर्माण पर नगर निगम ने लगाए लाल निशान

Press Release उत्तर प्रदेश

दो दिन में अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम, कार्रवाई से मची अफरातफरी

आगरा। नगर निगम ने लोहा मंडी क्षेत्र के जटपुरा मोहल्ले में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नालियों और सार्वजनिक भूमि पर बने निर्माणों पर लाल निशान लगा दिए हैं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नालियों पर अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में नियमित सफाई कार्य बाधित हो रहा है, जिससे जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।

नगर निगम प्रशासन द्वारा जटपुरा मोहल्ले में सड़क और नालियों के निर्माण की योजना प्रस्तावित है, लेकिन अवैध कब्जों के चलते विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण चिन्हित किए और संबंधित भवनों व दुकानों पर लाल निशान लगाए। नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटा लें अन्यथा नियमानुसार निगम द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी अतिक्रमणकारियों की होगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लाल निशान लगते ही अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी का माहौल देखा गया और कई लोगों ने अपने-अपने स्तर पर कब्जा हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।अतिक्रमण हटने के बाद सड़क और नालियों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा, जिससे इलाके को साफ-सुथरा और जलभराव मुक्त बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *