आगरा। नगर के विभिन्न स्थानों पर खाली पड़ी अपनी भूमि को संरक्षित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इसी क्रम में आज गुरुवार को सम्पत्ति विभाग की टीम ने बाबरपुर में गाटा संख्या एक मिनजुमला स्थित नगर निगम की रिक्त भूमियों पर अपने स्वामित्व के बोर्ड लगावा दिये।
बाबरपुर में ही नगर निगम की दो से तीन हजार वर्ग गज के कई प्लॉट रिक्त पड़े हुए हैं। रिक्त पड़ी भूिम पर भू माफिया की नजर है। इन जमीनों पर अवैध रुप से कब्जे के प्रयास भी किये गये हैं लेकिन निगम प्रशासन की सतर्कता के कारण भू माफिया अपने प्रयासों में सफल नहीं हो पाये। कई बार यहां पर किये गये अवैध निर्माणों को नगर निगम प्रवर्तन दल के द्वारा ध्वस्त भी कराया जा चुका है। शहर के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं को पूरा करने के लिए नगर निगम अपनी रिक्त पड़ी भूमि को संरक्षित कर रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम शहरी सीमा में स्थित अपनी सभी जमीनों को संरक्षित करने के लिए कमर कस चुका है। बाबरपुर के साथ ही नगर के जिन स्थानों पर भी नगर निगम की संपत्तियां हैं उन पर नगर निगम अपने बोर्ड लगवाएगा। खाली जमीनों पर अवैध कब्जे न हों इसके लिए राजस्व विभाग की टीमें लगाकर नजर रख रही हैं।