सेंट पॉल्स स्कूल में कूड़ा जलाने पर नगर निगम ने ठोका हजारों रुपये का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- वायरल वीडियो के बाद निगम की कार्रवाई, वायु प्रदूषण फैलाने पर स्कूल प्रबंधन से वसूला जुर्माना

आगरा। चर्च रोड स्थित सेंट पॉल्स चर्च स्कूल में कूड़ा जलाने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर जांच करते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कूल प्रबंधन पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया और राशि मौके पर ही वसूल की।
दरअसल, सेंट पॉल्स स्कूल के गेट नंबर-2 के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो एक नागरिक द्वारा साझा किया गया था, जिसमें स्कूल परिसर के अंदर से धुआं उठता हुआ साफ दिखाई दे रहा था। आरोप लगाया गया कि परिसर के भीतर कूड़ा जलाया जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में वायु प्रदूषण फैल रहा है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और मामले की जांच की मांग की। लोगों का कहना था कि खुले में कूड़ा जलाना उच्च न्यायालय और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों का उल्लंघन है, जिसमें इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान वायु प्रदूषण फैलाने की पुष्टि होने पर स्कूल प्रबंधन पर 25,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के दौरान एसएफआई सुदेश यादव ने स्कूल प्रबंधन से जुर्माने की राशि वसूल की।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में वायु प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है और किसी भी संस्था या व्यक्ति को नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वर्जन:::::

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि शहर में खुले में कूड़ा जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति, संस्था या प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इस तरह के मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *