आगरा, 14 जनवरी । नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को मुस्तैद रखने के लिए नगर निगम कर्मचारी दिनभर सक्रिय रहे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संजीव वर्मा ने घाटों का निरीक्षण कर स्वयं व्यवस्थाओं को परखा और कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों के आसपास बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। नगर निगम के कर्मचारी यमुना स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में न जाने के लिए हिदायत देते रहे। घाटों पर तैनात सभी कर्मचारी नगर निगम के कंट्रोल रूम से सीधे संपर्क में थे जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यमुना के घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया । घाटों पर चूना लगाने और रंगोली बनाई गई ।
जीरो वेस्ट आयोजन के उद्देश्य से, नगर निगम के कर्मचारी श्रद्धालुओं से यमुना नदी में पॉलिथीन आदि न फेंकने की अपील करने के साथ ही मौके पर ही कचरा एकत्रित करते रहे।