राजस्व वसूली में नगर निगम ने ध्वस्त किया पिछला रिकॉर्ड

Press Release उत्तर प्रदेश

—–कर- करेतर के रूप में 166.46 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड वसूली

—–साल 2024-25 में 53 प्रतिशत अधिक संपत्तियों से वसूली की गई

आगरा। राजस्व वसूली में नगर निगम ने पिछले रिकार्ड को ध्वस्त करते हुए कर-करेत्तर के रुप में 166.46 करोड़ रुपये की रिकार्ड वसूली की है। वसूली गयी रकम में 95.01 करोड़ हाउस टैक्स और 71.46 करोड़ रुपया नॉन टैक्सेबल मदों से प्राप्त किया गया।
अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी के अनुसार प्रत्येक वर्ष की तरह साल 2024-25 के लिए भी तीस प्रतिशत अधिक वसूली का लक्ष्य रखा गया था। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में राजस्व कर्मियों ने दिनरात मेहनत करके सिर्फ लक्ष्य के अनुसार ही वसूली नहीं की बल्कि लक्ष्य को पार करते हुए चालीस प्रतिशत अधिक राशि कर- करेत्तर राजस्व के रुप में वसूली। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2023 -24 की तुलना में साल 2024- 25 में 53% अधिक संपत्तियों से वसूली की गई। गृहकर के रुप में 95.01 करोड़ और नॉन टैक्सेबल मदों में 71.46 करोड़ रुपये की वसूली की गयी। करेत्तर यानि नॉन टैक्सेवल मदों में होर्डिंग, विज्ञापन,पार्किंग,लाइसेंस, पॉलीथिन,संपत्तियों से प्राप्त होने वाला किराया यूजर चार्ज आदि समेत 24 मदों से प्राप्त होने वाली आय को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि ये राशि साल 2023-24 की तुलता में चालीस प्रतिशत अधिक है। साल 2022-23 में टैक्सेवल और नॉन टैेक्सेवल मद में क्रमशः 50.71 करोड़ और 36.30 करोड़ रुपये की आय नगर निगम को हुई थी। साल 2023-24 में राजस्व वसूली के लिए 70 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया था जिसमें तीस प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे साल 2024-25 के लिए सौ करोड़ कर दिया गया था।

—जिन्होंने नहीं चुकाया टैक्स अब देंगे 12 प्रतिशत ब्याज के साथ—-

अपर नगर आयुक्त के अनुसार जिन लोगों ने 31 मार्च तक अपना टैक्स जमा नहीं कराया है उनको अब 12 प्रतिशत अधिक ब्याज के साथ कर जमा कराना होगा। नगर निगम द्वारा जल्द ही टैक्स वसूली की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।

—मार्च माह में की बंपर वसूली—

निगम का खजाना भरने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से बीस राजस्व निरीक्षक, नौ कर संग्रहकर्ता, चार कर अधीक्षक और चार जोनल अधिकारियांे को मैदान में उतारा गया था। राजस्व कर्मियों ने मार्च माह में ही वारंट और कुर्की की कार्रवाई को अंजाम देते हुए 41.50 करोड़ रुपये की वसूली कर डाली जबकि यही राशि फरवरी माह में केवल पन्द्रह करोड़ रुपये थी। इसके अलावा नगरायुक्त द्वारा प्रतिदिन टैक्स वसूली की समीक्षा भी की जा रही थी जिसका असर वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में देखने को मिला।

—सिंगिल यूज प्लास्टिक प्रयोग करने पर 61 लाख का जुर्माना—

सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के अनुसार साल 2024-25 में सिंगिल यूज प्लास्टिक प्रयोग के खिलाफ भी प्रभावी अभियान चलाकर लोगों पर कार्रवाई करते हुए छह लाख रुपये अधिक जुर्माना वसूल किया गया। जुर्माने राशि जहां 2023-24 में 55.38 लाख रुपये थी वही वित्तीय वर्ष 2024-25 में बढ़कर 61 लाख से अधिक हो गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *