— नाली में डाली के 3 फुट के पाइपों को पूरी तरह कराया गया साफ,
डेढ़ डेढ़ फुट के दो अतिरिक्त पाइप डालें गये
— बंद किये गये यमुना किनारा मार्ग की दूसरी साइड को भी आंशिक रुप से खोला गया
आगरा। नाला छत्ता पर विगत दिनों धंसे पुल का निर्माण कार्य आज नगर निगम ने पूरा करा लिया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस मार्ग को भी यातायात के लिए आंशिक रुप से खोल दिया गया है। पुल पर चेंबर का निर्माण कराया जा रहा है जो देर रात पूरा होने की संभावना है। इस संबंध में जानकारी देते हुए निर्माण अभियंता अमित सोनार ने बताया कि नाला फिर से चोक न हो इसके लिए इस बार पुलिया के नीचे तीन फुट व्यास के पाइप को पूरी तरीके से साफ करा दिया गया है। इसके अलावा इस पाइप के उपर भी डेढ़-डेढ़ फुट के दो और ओवर फ्लो पाइप डाले गये हैं जो नाले के ओवर फ्लो होने पर पानी की निकासी करेंगे। उन्होंने बताया कि चेंबर के कारण रोड का थोड़ा सा हिस्सा बांस बल्ली लगाकर बाधित किया गया है तीन चार दिन में जैसे ही चैंबर पक कर तैयार हो जाएगा इन्हें भी हटा लिया जाएगा। उल्लेखनीय है विगत दिनों नाले के धंस जाने के कारण थाना छत्ता गली, जीमखाना और आसपास के इलाके में नाले का पानी भरने से समस्या उत्पन्न हो गयी थी। नाले की सफाई के दौरान नाले के पाइप में एक जानवर भी फंसा हुआ पाया गया था। पुल निर्माण के दौरान पिछले दो दिन से यमुना किनारा मार्ग पर जाम के हालात बने हुए थे। पुल धंसने की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन ने रात में ही इसका निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया था।