—– नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान
आगरा। सड़कों पर घूमते निराश्रित गोवंश के कारण हादसों की आशंका को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत दो दर्जन निराश्रित गोवंश को पकड़कर निगम की गौशालाओं में भेजा गया है। अभियान चलाने के निर्देश नगर आयुक्त द्वारा दिये गये थे।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह के अनुसार शहर के चारों जोन ताजगंज, छत्ता, लोहा मंडी और हरी पर्वत क्षेत्र में आज अभियान चला कर कैटल कैचिंग कराई गई। इस काम में चार वाहनों को लगा कर दो शिफ्टों में कैटल कैचिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि निराश्रित गोवंश सड़कों पर यातायात में बाधा और अक्सर दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं। इन्हीं कारणों से नगर निगम ने अपनी कैटल कैचर टीमों को शहर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय किया है। यह टीमें आवारा और बेसहारा पशुओं को पकड़ने का काम कर रही है। निगम द्वारा पकड़े गए हर गोवंश पर 2000 रुपये प्रतिदिन का जुर्माना लगाया जाता है। इसके साथ ही पशु की देखभाल और खुराक हेतु 200 रुपये प्रतिदिन का अतिरिक्त शुल्क भी वसूला जाता है। डॉ. सिंह के अनुसार जब तक पशु मालिकों में जिम्मेदारी की भावना नहीं आएगी, तब तक सड़कों पर गोवंश की समस्या बनी रहेगी। इसी कारण निगम अब सख्त रुख अपना रहा है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि “बरसात में सड़क हादसों से बचाव और जनसुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। निराश्रित गोवंश की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निगम ने अभियान तेज किया है। जो भी पशु मालिक अपने पशुओं को सड़कों पर खुला छोड़ेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जुर्माने की राशि बढ़ाई जा रही है और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।”