——सौंदर्यीकरण से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक होगा व्यापक सहयोग
हेल्पिंग आगरा
—– हेल्प आगरा नगर निगम कर्मियों के लिए लगायेगा स्वास्थ्य शिविर
आगरा। शहर की जन सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के तहत नगर निगम ने गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ मिलकर काम करने का निर्णय लिया है। इसी उद्देश्य से नगर निगम कार्यकारिणी हाल ही में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, गौशालाओं के प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसमें यह तय किया गया कि एनजीओ इन क्षेत्रों में नगर निगम के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस बैठक में हेल्प आगरा संस्था के प्रतिनिधि ने सड़क हादसों के समय घायलों को मुफ्त एंबुलेंस और दवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने जल्द ही नगर निगम कर्मियों के लिए एक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही, जिसमें भाग लेने वालों को मुफ्त दवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
बैठक में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। हिलमैन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल नीतिका तोमर, भारत विकास परिषद से केशव दत्त गुप्ता, सिविल सोसाइटी से मुकेश जैन और पुष्पांजलि ग्रुप से सुमित कुमार जैसे प्रमुख लोगों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए।
नगर निगम और एनजीओ के इस संयुक्त प्रयास से उम्मीद की जा रही है कि शहर में जनसुविधाएं न केवल बेहतर होंगी, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सहभागिता भी बढ़ेगी। यह साझेदारी भविष्य में आगरा को एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।